+

बीकानेर: नाबालिग छात्रा से रेप और हत्या के बाद इलाके में भारी तनाव, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

बीकानेर- जिले के बज्जू थाना क्षेत्र अंतर्गत रणजीतपुरा में एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा (सेन समाज से संबंधित) के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की क्रूर घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। शुक्रवार दोपहर को 8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली मासूम बच्ची परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंची। स्कूल से सूचना मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, तो नहर किनारे झाड़ियों में उसका अर्धनग्न शव मिला। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अपहरण के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से हत्या कर शव फेंक दिया गया।

घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और रात भर ठंड में शव के पास डेरा डालकर बैठे रहे। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं उठने दिया और मुख्य मांगें रखीं: आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी। बाद में पुलिस ने समझाईश की, इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है। पुलिस हाई अलर्ट पर है, FSL टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर सक्रिय हैं।

एसपी कवेंद्र सिंह सागर और एडिशनल एसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल साइबर सेल और एफएसएल की टीमें सबूत जुटा रही हैं. पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी, फिलहाल जांच जारी है। अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने घटना को "अत्यंत हृदयविदारक" और "प्रदेश को शर्मसार करने वाली" बताते हुए भाजपा की भजनलाल सरकार पर महिला सुरक्षा में पूर्ण विफलता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से बच्चियां स्कूल जाने से डरने लगी हैं, सरकार नींद से जागे और दरिंदों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे समाज के माथे पर कलंक करार दिया तथा फास्ट-ट्रैक न्याय की मांग की।

सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को टैग करते हुए कहा कि " राजस्थान की विधानसभा का सत्र चल रहा है बावजूद इसके हर एक दिन गंभीर आपराधिक कृत्य प्रदेश में हो रहे है,सरकार ने अधिकतर रेंजों में संवेदनहीन अधिकारियों को कानून व्यवस्था का जिम्मा दे रखा है जो दुर्भाग्यपूर्ण है. मैने मामले को लेकर राजस्थान पुलिस के महानिदेशक से दूरभाष पर वार्ता करके इस प्रकरण का त्वरित प्रभाव खुलासा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएं और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाही की जाए.

Trending :
facebook twitter