देशभर में भाईचारे और अमन-चैन के साथ मनाया जा रहा ईद-उल-अजहा, मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ा जनसैलाब

10:53 AM Jun 07, 2025 | Rajan Chaudhary

नई दिल्ली। देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पावन पर्व पूरे उल्लास, भाईचारे और अमन-चैन के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज पढ़ने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों लोगों ने सजदे में झुककर मुल्क की सलामती, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में बकरीद को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा। हर जगह पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, पुलिस बल तैनात रहा और त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

दिल्ली: 29 मस्जिदों में हुई नमाज, विशेष सुरक्षा व्यवस्था

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बकरीद के मौके पर विभिन्न मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई। पश्चिमी जिले की 29 मस्जिदों में हजारों लोग जुटे। डीसीपी विचित्र वीर के अनुसार मस्जिद और अमन कमेटियों के साथ समन्वय कर लोगों को शांतिपूर्ण कुर्बानी और नमाज के लिए प्रेरित किया गया। सभी मस्जिदों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही।

Trending :

बुरहानपुर और मुरादाबाद में ईद-उल-अजहा की नमाज़ शांतिपूर्ण संपन्न, भाईचारे का संदेश

उत्तर प्रदेश: हरदोई, अलीगढ़, वाराणसी और मुरादाबाद में दिखा उल्लास

हरदोई में जिला प्रशासन और पुलिस की निगरानी में ईदगाह में नमाज अदा की गई। अलीगढ़ की शाहजमाल ईदगाह में मुफ्ती खालिद हमीद की अगुवाई में नमाज पढ़ी गई। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि पीस कमेटी बैठकों से सकारात्मक माहौल बना।

वाराणसी और मुरादाबाद में भी हजारों लोगों ने नमाज अदा की और भाईचारे की मिसाल पेश की। मुरादाबाद में एसएसपी और डीएम की निगरानी में ड्रोन से निगरानी की गई और फ्लैग मार्च हुआ।

बिहार: गांधी मैदान और सुपौल में श्रद्धापूर्वक अदा हुई नमाज

पटना के गांधी मैदान में मुस्लिम समुदाय ने बकरीद की नमाज अदा की। मदरसा इस्लामिया के प्रिंसिपल एम. ए. कादरी नदवी ने कहा कि यह पर्व अल्लाह के प्रति समर्पण का प्रतीक है। बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सुपौल में अपने पैतृक गांव में नमाज अदा कर लोगों को मुबारकबाद दी।

कर्नाटक: उत्साह और भाईचारे का पर्व

कर्नाटक में भी मस्जिदों और ईदगाहों में भारी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और ईद की नमाज अदा की। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

बुरहानपुर और मुरादाबाद: ऐतिहासिक ईदगाहों में हजारों ने एक साथ अदा की नमाज

बुरहानपुर की शाही ईदगाह में 50 हजार से अधिक नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की। नगर निगम ने विशेष सफाई व्यवस्था की थी। सुरक्षा में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रही, ड्रोन से निगरानी की गई।

मुरादाबाद की ईदगाह में सुबह 7:30 बजे विशेष नमाज अदा की गई, जिसमें समाजवादी पार्टी सांसद रूचि वीरा भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग और एकता का संदेश देता है।