+

तेजस्वी का बड़ा ऐलान: 'डिग्री है तो नौकरी पक्की, अब बदलेगी बिहार की सरकार!'

पटना। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव अपनी बिहार अधिकार यात्रा के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जा रहे हैं। इस बीच, इस यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि इस यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

बिहार अधिकार यात्रा के दूसरे दिन निकलने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज मेरी यात्रा का दूसरा दिन है। लोगों का अपार जनसमर्थन मिल रहा है। आज यात्रा के दूसरे दिन बख्तियारपुर होते हुए बाढ़, मोकामा, तेघड़ा, बेगूसराय में कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि जिस भी इलाके में जा रहे हैं, किसी भी समय पहुंच रहे हैं, लोग इस यात्रा को समर्थन देने के लिए सड़क पर पहुंच रहे हैं।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोग एनडीए सरकार से नाखुश हैं। इस सरकार में भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि लोग परेशान हैं। अपराध इतना बढ़ गया है कि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। यह सरकार केवल भ्रष्टाचार और अपराध से जुड़े लोगों को संरक्षण दे रही है। इसलिए मौजूदा स्थिति में लोग परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस साल होने वाले चुनाव में लोगों ने इस सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। जनता महागठबंधन की सरकार बनाने का कार्य करेगी जो नया बिहार बनाएगी।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जब महागठबंधन की सरकार बनेगी तो बिहार में जिसके पास भी डिग्री होगी, वह खाली हाथ नहीं बैठेगा। बिहार में हम लोग उद्योग लगाने का काम करेंगे। प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति को बेहतर कर सकेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार कॉपी कर सकती है लेकिन विजन नहीं ला सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्होंने बधाई दी।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई है, इतना ही कह सकते हैं। अमित शाह जी को तो आज बर्थडे पार्टी मनाना चाहिए।"

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बिहार दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि वह यहां आ रहे हैं, तो पहले यह बताएं कि अभी तक वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्यों नहीं बना पाए?

(With inputs from IANS)

Trending :
facebook twitter