ब्रिक्स CCI WE समिट 2026: विधायक कल्पना सोरेन 'ट्रेलब्लेज़र अवार्ड' से सम्मानित, झारखण्ड की हर 'मंईयाँ' को किया समर्पित

02:32 PM Mar 24, 2026 | The Mooknayak

नई दिल्ली: नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित 'ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन 2026' में गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित 'वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवार्ड' से नवाजा गया है। ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल ने उन्हें यह सम्मान महिला सशक्तिकरण की दिशा में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया।

महिलाओं के साहस और सपनों को समर्पित

इस मौके पर कल्पना सोरेन ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए इसे हर महिला के साहस और कड़ी मेहनत को समर्पित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह झारखण्ड की हर मंईयाँ और देश-दुनिया की उन तमाम महिलाओं का सम्मान है, जो अपने परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।

Trending :

विकास को गति दे रही हैं महिलाएं

विधायक ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। व्यापार, खेल, अंतरिक्ष, विज्ञान, नवाचार और शासन जैसे क्षेत्रों में आने वाली बाधाओं को पार कर वे लगातार मुकाम हासिल कर रही हैं। कल्पना सोरेन के अनुसार, महिलाएं अब केवल देश के विकास का हिस्सा भर नहीं हैं, बल्कि वे इस विकास को असल गति प्रदान कर रही हैं।

उद्यमी और बदलाव की नायिका

हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज सुनने की जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने झारखण्ड सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में महिलाओं को अब केवल लाभार्थी नहीं माना जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के जरिए उन्हें उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है।

सशक्तिकरण में निष्पक्षता जरूरी

कल्पना सोरेन ने अपनी हालिया लंदन यात्रा के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे वैश्विक संस्थानों में पढ़ रही झारखण्ड की छात्राओं के जुनून और बाधाओं से जूझने के दृढ़ संकल्प ने उन्हें आशा से भर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सशक्तिकरण केवल समावेश तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें निष्पक्षता हो ताकि हर महिला को नेतृत्व का समान अवसर मिले।

समारोह में दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी

इस भव्य सम्मान समारोह में देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित थीं। इनमें पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, एनआईसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह, पूर्व ब्रिक्स शेरपा संजय भट्टाचार्य और कोयला मंत्रालय की संयुक्त सचिव डॉ. रूपिंदर बरार शामिल रहीं। साथ ही अभिनेत्री शबाना आज़मी, अभिनेत्री व यूएन एडवोकेट भूमि पेडनेकर, ब्रिक्स महिला बिजनेस अलायंस की राष्ट्रीय अध्यक्ष लेबोगैंग जुलु, डॉ. अमिता चौहान, मार्गरेट कोएल्हो और समीर शास्त्री सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी इस दौरान मौजूद रहे।