असम विधानसभा चुनाव: 31 सीटों पर चुनाव लड़ेगा झारखंड मुक्ति मोर्चा

03:41 PM Mar 16, 2026 | The Mooknayak

नई दिल्ली: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी असम विधानसभा चुनाव में उतरने का बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने असम की कुल 31 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

यह महत्वपूर्ण निर्णय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुए विस्तृत विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।

असम में चुनाव लड़ने का मुख्य आधार वहां रह रहे झारखंड और आदिवासी मूल के लोगों को बताया गया है। पार्टी का मानना है कि राज्य में इन समुदायों की एक बड़ी आबादी निवास करती है।

Trending :

झामुमो के अनुसार, इन लोगों की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक आकांक्षाओं को एक मजबूत प्रतिनिधित्व की आवश्यकता है। पार्टी इन्‍हीं समुदायों की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतर रही है।

आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी का कहना है कि वह जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। इसके साथ ही पार्टी की विस्तृत चुनावी रणनीति की भी घोषणा की जाएगी।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विश्वास जताया है कि असम की जनता विकास, सम्मान और अधिकारों की राजनीति को अपना पूरा समर्थन देगी।