+

मध्य प्रदेश: 100 में से 7 सिगरेट और 11 लड़कियों में बीड़ी पीने की लत

देश में मध्यप्रदेश की लड़कियां सबसे ज्यादा नशे की गिरफ्त में, हाल में स्वास्थ्य विभाग के सर्वे से हुआ खुलासा


भोपाल। मध्यप्रदेश में लड़कियां सबसे ज्यादा धूम्रपान के लत की शिकार हो रही हैं। हाल ही में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में इस बात का खुलासा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। सीएम शिवराज अक्सर नशे से दूर रहने की जनता से अपील करते है। सीएम ने कई बार कहा है कि मेरे भांजे नशे से दूर रहे। लेकिन मध्य प्रदेश की बेटियां सबसे ज्यादा नशे की लत का शिकार हो रही हैं।

दरअसल मध्यप्रदेश नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) की डायरेक्टर प्रियंका दास ने 'उमंग हेल्थ एवं वेलनेस' कार्यक्रम के प्रजेंटेशन में यह आंकड़े बताए हैं, जिसके बाद मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने आंकड़े पेश किए, जिसमें बताया गया कि पिछले 7 साल में सिगरेट पीने वाली लड़कियों की संख्या बढ़कर 9.3 फीसदी के पार जा पहुंची है। यही नहीं, इससे अधिक बीड़ी पीने वाली लड़कियों की संख्या 13.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

नेशनल हेल्थ मिशन की डायरेक्टर प्रियंका दास के अनुसार, मध्य प्रदेश में हर 100 में से 7 लड़कियां सिगरेट की लत की शिकार हैं, जबकि इन्हीं 100 में से 11 से अधिक लड़कियां बीड़ी पीने की शौकीन हैं। हैरानी की बात तो ये भी है कि, शराब और दूसरे ड्रग्स का सेवन करने वाली लड़कियों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मध्य प्रदेश में 25 फ़ीसदी युवा लड़के पहले से ही नशे की चपेट में थे। अब लड़कियां भी नशे के मामले में लड़कों के बराबरी पर हैं।

ये लड़कियां हो रही धूम्रपान की आदी

दरअसल धूम्रपान में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, उज्जैन संभाग की लड़कियों की तादात ज्यादा है। खासतौर पर पढ़ाई के नाम पर घर से बाहर दूसरे शहरों के हॉस्टल या निजी रूम्स में रहने वाली लड़कियों में नशे की लत पाई जाना अधिक मिली है।

कूल लुक करता है स्मोकिंग के लिए आकर्षित

युवाओं में धूम्रपान की लत का सबसे बड़ा कारण कूल लगना है। कॉलेज के दौरान युवा अपने आप को कूल और स्टाइलिश दिखाने के चक्कर में स्मोकिंग करते है। बाद में यही कूल लुक उनपर भारी पड़ जाता है। स्मोकिंग की लत के आदि हो जाते है।

सर्वे से सामने आए यह आंकड़े

लड़कियों में बढ़ती स्मोकिंग की लत के यह आंकड़े राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की एमडी प्रियंका दास ने उमंग हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के प्रजेंटेशन में शनिवार को होटल ताज में जारी किए। यह आंकड़े देश में 987 स्कूल के 97,302 विद्यार्थियों और मध्यप्रदेश में 34 स्कूल के 2,979 विद्यार्थियों के ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे के बाद जारी किए हैं। इस सर्वे में देश के 544 सरकारी और 433 निजी स्कूल शामिल किए गए थे। सर्वे 13 से 15 वर्ष के बच्चों के बीच किया गया। जिसमें देश के 80,772 बच्चे और मध्यप्रदेश के 2,490 बच्चों को शामिल किया गया है।

मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहली बार कराए गए सर्वे में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। नेशनल हेल्थ मिशन के उमंग हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के दौरान प्रजेंटेशन में बताया गया कि मध्यप्रदेश की हर 100 में से 7 लड़कियां सिगरेट पी रही हैं। जबकि 13.1 लड़कियां बीड़ी पीना पसंद करतीं हैं। शराब और दूसरे ड्रग्स का सेवन करने वाली लड़कियों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। सर्वे में यह भी जानकारी सामने आई है कि औसतन सात साल की उम्र में ही मध्यप्रदेश में लड़कियां सिगरेट पीना सीख जाती हैं। इसके साथ ही युवाओं में इलेक्ट्रानिक सिगरेट लत भी लग रही है। मध्यप्रदेश में इलेक्ट्रानिक सिगरेट पीने वाले, ई सिगरेट पीने वाले 4.7 से 0.5 प्रतिशत में हैं।

सर्वे के अनुसार:-

  • वर्तमान में स्मोकिंग करने वाले मध्यप्रदेश के 26.2 प्रतिशत लोगों ने पिछले 12 माह में इसे छोड़ने का प्रयास किया है।
  • मध्यप्रदेश में 37.9 प्रतिशत लोग अभी वर्तमान में स्मोकिंग छोड़ना चाहते हैंं।
  • मध्यप्रदेश में 30 प्रतिशत लोग तंबाकू छोड़ना चाहते हैं।

वर्ष – 2003 – 2006 – 2009 – 2019

वर्तमान में तंबाकू उपयोगकर्ता – 16.9 – 13.7- 14.6 – 8.5

तंबाकू उपयोगकर्ता लड़के – 21.6 – 16.8 – 19.0- 9.6

तंबाकू उपयोगकर्ता लड़कियां – 9.7 – 9.4 – 8.3 – 8.5

धूम्रपान करने वाले – 8.1 – 7.0 – 8.1 – 7.3

सिगरेट पीने वाले – 4.2 – 3.8 -4.4 -2.6

बीड़ी पीने वाले – 2.2 -4.7 -5.3 -2.1

स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता:

मध्यप्रदेश के युवाओं में बढ़ रही नशाखोरी की इस लत के ताजा आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ सरकार की नींद उड़ा दी है। अब स्वास्थ्य विभाग जन जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को जागरूक करने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर जल्द ही प्रदेश स्तर पर बैठक बुलाने की तैयारी है। जिसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।

facebook twitter