उत्तर कन्नड़- जिले के येल्लापुर कस्बे में शनिवार 3 जनवरी को एक 30 वर्षीय दलित महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह वारदात उसके परिचित एक व्यक्ति ने की जो रविवार को येल्लापुर के पास जंगल में मृत पाया गया। इस घटना ने इलाके में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर दिया है, जिसके चलते विभिन्न हिंदू संगठनों ने रविवार को येल्लापुर में बंद का आह्वान किया। उन्होंने इसे 'लव जिहाद' का मामला करार दिया है।
हत्या का शिकार हुई महिला का नाम रंजिता भानासोडे (30) है, जो येल्लापुर के कलम्मा नगर की रहने वाली थीं। मुख्य आरोपी रफीक इमामसाब भी इसी इलाके का निवासी था। पुलिस ने बताया कि दोनों की दोस्ती स्कूल के दिनों से थी। द हिन्दू की रिपोर्ट के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। जब रंजिता ने इनकार किया, तो उसने सार्वजनिक स्थान पर चाकू से उस पर हमला कर दिया। यह हादसा शनिवार दोपहर तब हुआ जब रंजिता अपने कार्यस्थल से घर लौट रही थीं।
पुलिस के मुताबिक रंजिता ने करीब 12 साल पहले महाराष्ट्र के सोलापुर के निवासी सच्चिन कटेरा से शादी की थी और उनका एक 10 वर्षीय बेटा है। दंपति अलग-अलग रह रहे थे, इसलिए रंजिता अपने परिवार के साथ येल्लापुर में ठहरी हुई थीं। वह एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील सहायक के रूप में काम करती थीं। आरोपी रफीक अक्सर उनके घर खाना खाने आता था, लेकिन जब उसने शादी का जिद पकड़ ली, तो रंजिता और उनके परिवार ने सख्ती से मना कर दिया। इससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
महिला की हत्या के बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों और हिंदुत्ववादी कार्यकर्ताओं ने येल्लापुर थाने पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक आरोपी को हिरासत में नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उधर, रफीक का शव जंगल में मिलने की खबर ने मामले को और पेचीदा बना दिया। जानकारी के अनुसार उसकी लाश एक पेड़ से लटकी हुई मिली। पुलिस अधीक्षक एम.एन. दीपन ने मीडिया को बताया कि आरोपी की मौत की जांच चल रही है।
श्रीराम सेना प्रमुख प्रमोद मुथालिक ने इसे 'लव जिहाद' का स्पष्ट मामला बताते हुए कहा, "यह 100 प्रतिशत 'लव जिहाद' का केस है, जिसमें अविवाहित महिलाओं, विधवाओं या तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाया जाता है।" इस बीच, भाजपा के राज्य अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र रविवार (4 जनवरी) को रंजिता के परिवार से मिलने वाले हैं।