मऊ में शोरूम कर्मचारी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किया मुस्लिम महिला का रेप, 2 साल तक ब्लैकमेल

10:30 AM Jul 16, 2026 | Geetha Sunil Pillai

मऊ- जिले में एक मुस्लिम महिला को बैटरी स्कूटर खरीदने के बहाने शोरूम में बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला कर बेहोश करने के बाद दुष्कर्म करने और फिर दो साल तक अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है, लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे पीड़िता में आक्रोश है और न्याय की उम्मीद टूट रही है।

महिला ने मीडिया को बताया कि वर्ष 2024 में वह बैटरी स्कूटर खरीदने के इरादे से एक शोरूम में पहुंची थी। शोरूम का कर्मचारी शुभम चौरसिया ने महिला से संपर्क स्थापित किया। उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया और बताया कि जल्द ही नया स्कूटर आने वाला है, मैं आपको सूचित करूंगा, तब आप आकर नया वाहन ले सकती हैं। कुछ समय बाद जब नया स्कूटर शोरूम पर पहुंच गया तो शुभम चौरसिया ने महिला को फोन करके बुलाया। महिला स्कूटर लेने शोरूम पहुंची।

शोरूम पहुंचने पर शुभम चौरसिया ने महिला को कोल्ड ड्रिंक पेश की, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद महिला बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला का रेप किया और घटना का वीडियो बना लिया। इस घटना के बाद से पिछले दो साल तक आरोपी लगातार महिला को ब्लैकमेल करता रहा। वह महिला को धमकाता था कि अगर उसने इस मामले की किसी को शिकायत की या पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस लगातार ब्लैकमेल और धमकियों से महिला बेहद परेशान और त्रस्त रही।

Trending :

पीड़िता महिला ने इस पूरे मामले को लेकर अब साहस दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि वह इन धमकियों और मानसिक यातना से काफी प्रभावित रही, लेकिन अब न्याय की उम्मीद में सामने आई है।

पीड़िता की शिकायत पर मऊ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के चार दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी अभी तक पुलिस हिरासत में नहीं है और वह बाहर घूम रहा है।