कोयंबटूर: नाबालिग लड़कियों से यौन शोषण के मामले में फरार पादरी केरल के मुन्‍नार से गिरफ्तार

05:20 PM Apr 14, 2025 | The Mooknayak

कोयंबटूर: कोयंबटूर सिटी पुलिस की एक विशेष टीम ने शनिवार को केरल के मुन्‍नार में छिपे पादरी डी. जॉन जेबराज (37) को गिरफ्तार कर लिया। उस पर एक साल पहले दो नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का आरोप है।

जेबराज कोयंबटूर की क्रॉस कट रोड पर किंग जनरेशन प्रेयर हॉल नामक प्रार्थना स्थल का संचालन करता था और देशभर में कई ईसाई कॉन्सर्ट आयोजित कर चुका है।

कोयंबटूर की सेंट्रल ऑल-वुमन पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 मई 2024 को GN मिल्स इलाके में स्थित पादरी के निवास पर आयोजित एक पार्टी के दौरान हुई थी। पीड़ित लड़कियां उस समय 14 और 17 वर्ष की थीं। लगभग 11 महीनों तक यह मामला सामने नहीं आया।

Trending :

हाल ही में, पीड़िताओं में से एक ने परिवार को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 5 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पादरी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 9 (l), 9 (m) (गंभीर यौन शोषण) और धारा 10 (गंभीर यौन शोषण के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज किया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, पादरी द्वारा पीड़िताओं के साथ दुष्कर्म (penetrative assault) नहीं किया गया था, लेकिन मामला गंभीर यौन शोषण की श्रेणी में आता है।

शिकायत मिलने के बाद पादरी फरार हो गया था, जिसके चलते पुलिस आयुक्त ने उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। एक टीम को तेनकासी (तमिलनाडु), दूसरी को बेंगलुरु (कर्नाटक), और तीसरी को मुन्‍नार (केरल) भेजा गया। साथ ही सभी हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके।

एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि, “इंस्पेक्टर अर्जुन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने मुन्‍नार में पादरी को ट्रेस कर शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। रविवार तड़के उसे कोयंबटूर के काट्टूर स्थित ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन लाया गया।”

इंस्पेक्टर रेनुगा ने पादरी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी कर उसका बयान दर्ज किया। बाद में उसे पोक्सो विशेष न्यायाधीश (प्रभारी) आर. नंधिनिदेवी के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वर्तमान में पादरी को कोयंबटूर सेंट्रल जेल में रखा गया है।