MP: नेता प्रतिपक्ष सिंघार का बीजेपी पर हमला, कहा- "लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबा रही है सरकार"

04:39 PM Apr 17, 2025 | Ankit Pachauri

भोपाल। मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को कुचलने की कोशिश कर रही है और इसके लिए ईडी जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उमंग सिंघार ने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

"भाजपा लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है"

उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा नेशनल हेराल्ड की फाइल दोबारा खोलकर राजनीति कर रही है। “यह वही मामला है जिसकी जांच पहले ही समाप्त हो चुकी थी, लेकिन अब इसे फिर से खोलकर विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। ये लोकतंत्र के खिलाफ एक साजिश है,”

इलेक्टोरल बांड पर कांग्रेस का हमला

कांग्रेस द्वारा उठाए गए इलेक्टोरल बांड मुद्दे पर बोलते हुए सिंघार ने कहा, “जब कांग्रेस ने इलेक्टोरल बांड के जरिये भाजपा द्वारा हजारों करोड़ का अवैध चंदा लेने का मुद्दा उठाया, तो भाजपा बौखला गई। क्या यह करप्शन नहीं है? भाजपा ने तो देश में भ्रष्टाचार को लीगल कर दिया है।”

Trending :

सिंघार ने भाजपा पर ईडी और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इन एजेंसियों के माध्यम से कंपनियों पर दबाव बनाकर उनसे चंदा लेती है। उन्होंने मध्यप्रदेश में सौरभ शर्मा के मामले का भी जिक्र किया, जिसमें लोकायुक्त ने चार्जशीट दाखिल नहीं की और आरोपी को ज़मानत मिल गई।

भाजपा अपने घोटालों की जांच नहीं कराती

प्रदेश में हुए विभिन्न घोटालों की ओर इशारा करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि जल जीवन मिशन, परिवहन और नर्सिंग कॉलेज घोटाले जैसे गंभीर मामलों में भाजपा सरकार ने कोई ठोस जांच नहीं करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई करती है, लेकिन अपने मंत्रियों को बचाने में लगी रहती है।

कांग्रेस नहीं झुकेगी, संघर्ष जारी रहेगा

उमंग सिंघार ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है। “हम जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे। पूरा देश देख रहा है कि कैसे भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है।”

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से द मूकनायक प्रतिनिधि ने बातचीत की, उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पूरे देश में यह चर्चा हो कि भाजपा किस तरह लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। “मेरी मांग है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर लगाया गया यह झूठा मामला तुरंत वापस लिया जाए। लोकतंत्र बचेगा, तभी हम और आप बचेंगे,” उन्होंने कहा।

नेशनल हेराल्ड मामला क्या है?

नेशनल हेराल्ड एक पुराना अखबार है जिसकी मिल्कियत यंग इंडियन नामक कंपनी के पास है।

इस कंपनी से जुड़े लेन-देन को लेकर ईडी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछताछ की थी।

यह मामला कांग्रेस के अनुसार पहले ही निष्पादित हो चुका था, लेकिन अब दोबारा खोला गया है।