दलित महिलाओं और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद पर अश्लील टिप्पणी करने वाले यूट्यूबर अजीत भारती के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत FIR दर्ज

03:37 PM Aug 24, 2026 | Rajan Chaudhary

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर अपनी भड़काऊ और विवादित बयानबाजी के लिए पहचाने जाने वाले यूट्यूबर अजीत भारती की मुश्किलें अब गंभीर रूप से बढ़ गई हैं। दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में अजीत भारती के खिलाफ दलित समाज की महिलाओं, नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद और संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर को लेकर बेहद घटिया, यौन और जातिसूचक टिप्पणियां करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं की लिखित शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने यह सख्त कानूनी कदम उठाया है।

पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर (संख्या 30/2026) के दस्तावेजों के अनुसार, यह शिकायत आजाद समाज पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बालकराम बौद्ध द्वारा 23 अगस्त 2026 को की गई है।

Trending :

शिकायत में स्पष्ट तौर पर बताया गया है कि अजीत भारती ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो कार्यक्रम के दौरान बहुजन समाज के महापुरुषों और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के खिलाफ न केवल अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि दलित महिलाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील बातें भी सार्वजनिक तौर पर प्रसारित कीं। इस कृत्य से समाज में भारी रोष फैला हुआ है।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ देश के सबसे कड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 की विभिन्न धाराओं, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) एक्ट 2000 की धारा 67, और नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 196(1)(c) तथा 351(3) के तहत मुकदमे को पंजीकृत किया गया है। मामले की आगे की जांच का जिम्मा एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंप दिया गया है।

इस पुलिस कार्रवाई के बाद आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि समाज के महापुरुषों और महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य हिमांशु वाल्मीकि ने इसे कानून की जीत बताते हुए एक्स (ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह कानून के तहत एक कड़ा जवाब है।

हिमांशु वाल्मीकि ने अपने बयान में लिखा कि माननीय सांसद एवं आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई चंद्रशेखर आज़ाद जी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां करने वाले अजीत भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए आज सभी साथी नॉर्थ एवेन्यू थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि साथियों के अथक प्रयासों से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज हो गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।

अपने कड़े संदेश में हिमांशु वाल्मीकि ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को सामाजिक सम्मान और संवैधानिक मूल्यों का अपमान करने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अपमानजनक और जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देना कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी संकल्प दोहराया कि उनका यह संघर्ष कानून के दायरे में रहकर सामाजिक सम्मान, न्याय और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर जारी रहेगा।