लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र के अशोक लीलैंड शोरूम में बच्चे की मौत के मामले में शनिवार श्रम विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यह कार्रवाई सहायक श्रम आयुक्त के सुमित कुमार के निर्देश पर हुई। मौके पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी यदवेंद्र सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सरोजनी थाना प्रभारी से जानकारी जुटाई है।
यदवेंद्र सिंह ने द मूकनायक को बताया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों से बातचीत भी की जायेगी। सभी दस्तावेज हासिल होने के बाद सोमवार श्रम विभाग की तरफ से विधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि, सरोजनी नगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अशोक लीलैंड के शोरूम में सफाई का काम कर रहे नाबालिग की लिफ्ट में पैर फंसने से मौत हो गई थी। मृतक की पहचान पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर- 5 के रहने वाले शैलेंद्र राजवंशी के 15 वर्षीय बेटे शरद राजवंशी के रूप में हुई थी। शरद राजवंशी शोरूम में एक माह से सफाई कर्मी के रूप में नौकरी कर रहा था।
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह तीसरी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहा था। तभी उसका लिफ्ट में पैर फंस गया। लिफ्ट चल पड़ी और किशोर जाकर लिफ्ट के बीच खाली जगह में रगड़ गया। उसकी कई पसलियां टूट गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी।
इस मामले को लेकर द मूकनायक ने सहायक श्रम आयुक्त लखनऊ सुमित कुमार से बातचीत की थी। इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक श्रम आयुक्त सुमित कुमार ने कार्रवाई के आदेश दिए। सहायक श्रम आयुक्त के निर्देश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी यदवेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही थाना प्रभारी सरोजनी नगर से भी जानकारी हासिल की।
यदवेंद्र सिंह का कहना है इस मामले में पीड़ित परिवार को लगभग 16 लाख का मुआवजा कम्पनी की तरफ से दिलवाया जायेगा। इसके साथ ही बाल श्रम अधिनियम के तहत नोटिस जारी करके संबंधित कम्पनी के विरुध्द कोर्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।