logo

UP: लखनऊ के शोरूम में बालक से करा रहे थे मजदूरी, लिफ्ट में पांव फंसने से मौत

04:59 PM Jan 11, 2025 | Satya Prakash Bharti

लखनऊ। सरोजनी नगर के एक शोरूम में बालश्रम कराने का मामला सामने आया है। नबालिग शोरूम में सफाई का काम करता था। शुक्रवार शाम सफाई के दौरान लिफ्ट में उसका पैर फंस गया जिससे किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार परिजनों ने मृतक की उम्र 16 वर्ष बताई है। घटना की जानकारी होने पर सरोजनी नगर पुलिस और फायर स्टेशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह मृतक के शव को बाहर निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पीजीआई के वृंदावन योजना सेक्टर- 5 के रहने वाले शैलेंद्र राजवंशी का 16 वर्षीय बेटा शरद राजवंशी एक माह से सफाई कर्मी के रूप में नौकरी करता था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह तीसरी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहा था। तभी उसका लिफ्ट में पैर फंस गया। इससे किशोर गंभीर घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

विज्ञान फाउंडेशन के संदीप खरे ने मामले पर कहा कि, "बहुत दुखद घटना है। बच्चों से श्रम कराना क़ानूनी अपराध है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"

Trending :

वहीं लखनऊ के सहायक श्रमायुक्त सुमित कुमार ने बताया कि, "संबंधित के विरुद्ध बाल श्रम अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जायेगी। इसके अतिरिक्त नियमों के तहत जो मुआवजा पीड़ित परिवार को मिलता है वह भी दिलवाया जायेगा।"