बेंगलुरु- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित PES यूनिवर्सिटी में एक गंभीर विवाद सामने आया है। यहां के एडजंक्ट प्रोफेसर डॉ. मुरलीधर देशपांडे पर अफ्फान नामक एक मुस्लिम छात्र को कक्षा में बार-बार ‘आतंकवादी’ कहने और अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप है। घटना 24 मार्च को हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसके बाद PES यूनिवर्सिटी ने प्रोफेसर को तुरंत निलंबित कर दिया और जांच शुरू कर दी है।
28 मार्च को बेंगलुरु साउथ डिवीजन के गिरिनगर पुलिस स्टेशन के हेड कांस्टेबल रविकुमार टी.एन. की ओर से सु-मोटो FIR दर्ज की गई। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद खुद कार्रवाई की, क्योंकि इसमें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा पैदा करने की आशंका थी। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाना) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान करके शांति भंग करने की उकसाहट) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वीडियो के अनुसार प्रोफेसर ने कक्षा में करीब 60 छात्रों के सामने छात्र को कम से कम 13 बार ‘आतंकवादी’ कहा। उन्होंने आगे कहा, “ईरान युद्ध तुम जैसे लोगों की वजह से हुआ”, “ट्रंप तुम्हें ले जाएगा” और “तुम मूर्ख हो, नर्क में जाओगे” जैसी टिप्पणियां कीं। पुलिस ने छात्र से बात की, लेकिन वह शिकायत दर्ज कराने से डर रहे थे क्योंकि कॉलेज उन्हें सस्पेंड कर सकता था। FIR दर्ज करने के बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
Prof. Muralidhar Deshpande of PES University, Bengaluru referred to the Muslim student Affan as a "terrorist" during class and repeatedly abused him verbally. pic.twitter.com/e8OFGiVglW
— Mohammed Zubair (@zoo_bear) March 27, 2026
लोगों का आरोप है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिया गया था और छात्र अफ्फान का समर्थन करने वाले कुछ छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। हालांकि प्रोफेसर ने संस्थान को लिखित माफीनामा सौंप दिया है, लेकिन उन्होंने छात्र से सीधे तौर पर माफी नहीं मांगी है। शिकायत के बाद, विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को देशपांडे को जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया, जैसा कि कुलपति के पत्र में पुष्टि की गई है।
“छात्र की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की विस्तृत जांच लंबित रहने तक आपको तत्काल प्रभाव से निलंबित रखा जाता है,” पीईएस विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में लिखा था, जिसमें अपराध का उल्लेख नहीं किया गया था। पुलिस ने गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की है, और अभी तक कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने सख्त कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जबकि स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसआईओ) ने भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति गणेश ने कहा, “हम इसे विश्वविद्यालयों में सामान्य स्थिति नहीं बनने दे सकते।”