भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक 16 वर्षीय दलित नाबालिग छात्रा के साथ बीते कुछ सप्ताहों में अलग-अलग स्थानों पर यौन शोषण हुआ। घटना करीब 20 दिन पुरानी है, लेकिन इसका खुलासा शुक्रवार को तब हुआ जब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। मां ने तत्काल टीटी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानिए क्या है मामला?
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता बैरागढ़ क्षेत्र की रहने वाली है और स्कूल में पढ़ाई करती है। उसकी जान-पहचान फरवरी महीने में जावेद उर्फ भय्यू नाम के एक युवक से हुई थी। जावेद ने उसे बहाने से झरनेश्वर स्थित जोया भाभी के घर बुलाया, जहां जोया का पति फैजान और उनका एक जानकार शाहरुख पहले से मौजूद थे। वहीं पहली बार पीड़िता की मुलाकात शाहरुख से करवाई गई, जिसने जबरन उसका मोबाइल नंबर लिया और उसे बार-बार फोन कर परेशान करने लगा।
कुछ दिन बाद जब पीड़िता को दोबारा जोया के घर बुलाया गया, तो जावेद, जोया और फैजान ने उसे शाहरुख के साथ अकेले छोड़ दिया। इस दौरान शाहरुख ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार उसे जोया के घर बुलाकर यौन शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने इस बारे में जावेद और जोया से शिकायत की तो उन्होंने उसे धमकाया और चुप रहने को कहा।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना से डरी और मानसिक रूप से परेशान पीड़िता ने अंततः अपनी मां को पूरी सच्चाई बताई। मां ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। टीटी नगर पुलिस ने शाहरुख, जावेद, जोया और फैजान को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया।
इस मामले में आगे जांच बढ़ी तो पुलिस को एक और चौंकाने वाला तथ्य पता चला। बैरागढ़ थाने में दर्ज दूसरे प्रकरण में यह बात सामने आई कि पीड़िता का एमपी नगर और टीटी नगर क्षेत्र के कुछ कैफे में आना-जाना था। वहां उसकी मुलाकात जहांगीराबाद निवासी अरबाज खान से हुई। अरबाज ने दोस्ती की आड़ में उसके साथ यौन शोषण किया और बाद में अपने दोस्त अयान को भी उससे मिलवाया, जिसने भी उसका यौन उत्पीड़न किया।
6 आरोपी गिरफ्तार
बैरागढ़ पुलिस ने अरबाज और अयान को भी गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं टीटी नगर पुलिस ने पहले ही जोया और जावेद को गिरफ्तार कर लिया था। कुल मिलाकर इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता को सभी कानूनी और चिकित्सीय सहायता दी जा रही है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस का यह भी कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं ताकि उन्हें न्यायालय में सख्त सजा दिलाई जा सके।
मध्य प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों का भयावह आंकड़ा
भोपाल में हुई इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मध्यप्रदेश में महिलाएं और बच्चियां कितनी असुरक्षित हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के अनुसार, मध्यप्रदेश लगातार महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।
NCRB के आंकड़े
2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,45,256 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 के 4,28,278 मामलों से 4% अधिक हैं। बच्चों के खिलाफ अपराध के 1,62,449 मामले दर्ज हुए, जो 2021 के 1,49,404 मामलों से 8.7% अधिक हैं। अकेले भोपाल में 2022 में 758 मामलों में बच्चियों को निशाना बनाया गया।