+

MP: मंत्री विजय शाह के बयान पर सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस विधायक दल का राजभवन पर प्रदर्शन, उमंग सिंघार सहित अन्य विधायक गिरफ्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश के वन मंत्री विजय शाह की सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस बयान को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने राज्यपाल से मुलाकात कर मंत्री विजय शाह को बर्खास्त करने की मांग की और इसके बाद राजभवन के बाहर धरने पर बैठ गए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे और उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान जब धरना लगातार जारी रहा तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत सभी कांग्रेस विधायकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें सेंट्रल जेल ले जाया गया।

विजय शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन

कांग्रेस विधायक दल ने शुक्रवार सुबह राज्यपाल से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने मंत्री विजय शाह को तत्काल मंत्री पद से हटाने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि विजय शाह का बयान न केवल एक महिला अधिकारी का अपमान है, बल्कि पूरे सैन्य बल का भी अपमान है।

उमंग सिंघार बोले: भाजपा की तानाशाही सरकार जनप्रतिनिधियों की भावनाओं को कुचल रही

राजभवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, "जब तक विजय शाह की बर्खास्तगी नहीं होती, कांग्रेस विधायक धरने पर डटे रहेंगे।"

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनप्रतिनिधियों की भावनाओं का सम्मान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, "क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव की इस पर मौन स्वीकृति है? आखिर क्यों अब तक मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया गया?"

भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप

उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा इससे पहले भी विश्वास सारंग और गोविंद राजपूत जैसे मंत्रियों को विवादास्पद बयानों के बावजूद बचा चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने हाल ही में सेना को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिस पर भाजपा नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है।

“क्या भाजपा मंत्रियों को गर्मी ज़्यादा हो गई है, जो वे इस तरह के बयान दे रहे हैं?” – सिंघार ने कटाक्ष करते हुए कहा।

उन्होंने आगे कहा कि यह चुप्पी भाजपा की स्वीकृति को दर्शाती है और इससे यह समझा जाना चाहिए कि क्या यह भाजपा का आधिकारिक रुख है।

कांग्रेस ने यह मुद्दा महिला सम्मान और देश की रक्षा करने वाले जवानों के सम्मान से जोड़ते हुए पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। पार्टी का कहना है कि यदि मंत्री विजय शाह को तत्काल हटाया नहीं गया, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी।

इस्तीफा तक जारी रहेगा संघर्ष

धरने और गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल शुरुआत है। यदि सरकार विजय शाह को नहीं हटाती है, तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को प्रदेश के हर जिले में ले जाएंगे। पूर्व मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने कहा, भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह सेना पर अपमान जनक बयान देने के बाद भी नैतिकता के आधार पर मंत्री पद नही छोड़ रहे, इसलिये हमने राजभवन जाकर राज्यपाल से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने की मांग की है। और जब हम बाहर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे थे, तो पुलिस ने हमें गिरफ्तार कर लिया।

क्या है विवाद?

11 मई 2025 को महू में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि "जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी," जिसे कई लोगों ने सांप्रदायिक और महिला विरोधी माना।

इस बयान के बाद, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शाह ने इस एफआईआर को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, लेकिन कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा, "आप मंत्री होकर कैसी भाषा का इस्तेमाल करते हो?" इधर विपक्षी पार्टियां मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही हैं।

Trending :
facebook twitter