तमिलनाडु: 12वीं के दलित छात्र को निर्वस्त्र कर पीटा, दो गिरफ्तार: जानें पूरा मामला

02:14 PM Sep 13, 2025 | Rajan Chaudhary

चेन्नई: सचिवालय कॉलोनी पुलिस ने एक 12वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने के आरोप में दो लोगों को अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। यह घटना तब हुई जब लड़का 10वीं कक्षा की एक छात्रा से उसके घर मिलने गया था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सरवनन और उसके भाई लोगेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सरवनन को पहले एक राजनीतिक दल का पदाधिकारी बताया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि छात्रा की मां ने भी लड़के के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मां का आरोप है कि लड़के ने उनकी बेटी का शोषण किया, हालांकि इस मामले में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

Trending :

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय लड़का और लड़की चूलैमेडू में एक ही स्कूल में पढ़ते थे और तभी से दोस्त थे। बाद में दोनों के स्कूल अलग हो गए, लेकिन वे सोशल मीडिया के जरिए लगातार संपर्क में रहे।

शुक्रवार को जब लड़का सचिवालय कॉलोनी स्थित लड़की के घर उससे मिलने गया, तो लड़की के कुछ रिश्तेदारों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने सरवनन को बुलाया। आरोप है कि सरवनन और लोगेश ने मिलकर लड़के को बेरहमी से पीटा और कपड़े उतरवाए। बाद में उसे छोड़ दिया गया।